चेयर योग सत्र रहा मुख्य आकर्षण, स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग अपनाने का दिया संदेश
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) ने नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) एवं नीमा महिला फोरम, कानपुर के सहयोग से “योग फॉर हेल्दी एजिंग” विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन दीनदयाल शोध सभागार में किया गया, जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक वृद्धावस्था को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण चेयर योग सत्र रहा, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे लोगों को योग के सरल एवं प्रभावी अभ्यासों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि चेयर योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और स्वस्थ जीवन के लिए इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र में भी योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विशिष्ट अतिथियों में नीमा के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय कुमार दुबे, कानपुर नगर के पूर्व क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निरंकार गोयल तथा नीमा महिला फोरम की सचिव डॉ. वंदना पाठक शामिल रहीं। सभी वक्ताओं ने योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए इसके नियमित अभ्यास पर जोर दिया।
कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती, ब्रह्माकुमारी संस्था, गायत्री परिवार, इस्कॉन तथा ईशा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। इसके अलावा विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, स्वास्थ्य विशेषज्ञ तथा समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग के प्रति जागरूकता फैलाने तथा इसके सकारात्मक प्रभावों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


