HomeNEWSजीआरपी थाना आजमगढ़ को मिला ISO 9001:2015 अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण-पत्र

जीआरपी थाना आजमगढ़ को मिला ISO 9001:2015 अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण-पत्र

उत्कृष्ट पुलिस सेवाओं और गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन प्रणाली के लिए मिली वैश्विक मान्यता

  • सौरभ शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की जनोन्मुखी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन एवं पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के कुशल नेतृत्व में जीआरपी थाना आजमगढ़ (अनुभाग गोरखपुर) को आईएसओ 9001:2015 (क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम) का अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है।

यह प्रमाणन पुलिस कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण माना जाता है। इस उपलब्धि से जीआरपी आजमगढ़ ने प्रदेश की पुलिस इकाइयों के बीच अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने जीआरपी गोरखपुर एवं जीआरपी थाना आजमगढ़ की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जीआरपी आजमगढ़ भविष्य में भी उत्कृष्ट पुलिस सेवाएं प्रदान करते हुए प्रदेश की अन्य इकाइयों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आईएसओ 9001:2015 प्रमाण-पत्र प्राप्त करना किसी भी संस्थान की कार्यप्रणाली, सेवा गुणवत्ता और प्रबंधन व्यवस्था की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता का प्रतीक है। यह उपलब्धि पुलिस कर्मियों की मेहनत, समर्पण और बेहतर सेवा देने की प्रतिबद्धता का परिणाम है।

जीआरपी थाना आजमगढ़ की इस सफलता को पुलिस विभाग में गुणवत्ता आधारित कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments