
अमेठी में किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभ बताए, लाभार्थियों को वितरित की गईं चाबियां एवं उन्नत बीज
- दीक्षा त्रिवेदी
अमेठी। जनपद अमेठी में प्राकृतिक खेती विषयक आयोजित कार्यशाला में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने सहभागिता करते हुए कृषक बंधुओं एवं उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व और इससे होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबियां एवं उन्नत बीज भी वितरित किए गए। राज्यमंत्री ने लाभार्थियों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, खेती की लागत कम करना तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाना है।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों के लिए एक प्रभावी और टिकाऊ विकल्प है, जो उत्पादन लागत को कम करने के साथ-साथ भूमि की उर्वरता को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके माध्यम से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होती है तथा पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलती है।
राज्यमंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ मिट्टी, सुरक्षित पर्यावरण और गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन के लिए यह समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक सुरक्षित एवं टिकाऊ कृषि व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
कार्यक्रम के अंत में किसानों एवं उपस्थित लोगों से आत्मनिर्भर, समृद्ध और पर्यावरण-अनुकूल कृषि व्यवस्था के निर्माण हेतु प्राकृतिक खेती को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।


