
प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
- आशीष तिवारी
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुलिस लाइन कानपुर देहात में आयोजित पांच दिवसीय टीओटी (ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स) प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता तथा प्रशिक्षण कौशल को और अधिक प्रभावी बनाना था। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट सहभागिता और सफल प्रशिक्षण पूर्ण करने पर क्षेत्राधिकारी डेरापुर एवं प्रतिसार निरीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने प्रतिभागियों को भविष्य में अपने अनुभव और प्रशिक्षण का लाभ अन्य पुलिसकर्मियों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया तथा पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी गईं।


