HomeNEWSसपा सांसद नरेश उत्तम पटेल का भाजपा सरकार पर हमला

सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल का भाजपा सरकार पर हमला

महंगाई, बेरोजगारी और लोकतंत्र के मुद्दों पर उठाए सवाल, कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को बताया लोकतंत्र के लिए खतरा

  • रितिका शुक्ला

झांसी। समाजवादी पार्टी के सांसद नरेश उत्तम पटेल ने झांसी में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। लक्ष्मी गार्डन में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का उल्लेख करते हुए नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि चढ़ावे में चोरी की घटनाएं यह दर्शाती हैं कि सरकार व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

सांसद ने कहा कि डबल इंजन सरकार में किसानों की फसलों की लूट हो रही है, युवाओं के अधिकारों और आरक्षण पर आघात पहुंचाया जा रहा है तथा बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बेरोजगारी और महंगाई देश के सबसे बड़े मुद्दे हैं और इन पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

विधान परिषद चुनाव को लेकर उन्होंने झांसी और ललितपुर की जनता से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनता का जागरूक और संगठित होना आवश्यक है।

सपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों के मुद्दे पर नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि भाजपा के कार्यक्रमों के दौरान सड़क पर आयोजन होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होती, जबकि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा महंगाई और बेरोजगारी जैसे जनहित के मुद्दों पर ज्ञापन देने पर मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र को कमजोर करने वाला कदम बताया।

इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह यादव, सीताराम कुशवाहा, मनिला सिंह रौली सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments