HomeNEWS'स्वस्थ आयु के लिए योग' थीम पर जनपदभर में होंगे सामूहिक योग...

‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर जनपदभर में होंगे सामूहिक योग कार्यक्रम

ग्रीन पार्क में होगा मुख्य आयोजन, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान होंगे मुख्य अतिथि

हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जनपदभर में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम प्रातः 6:00 बजे ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने शनिवार को सरसैया घाट पर समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई है और इसी के अनुरूप अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए व्यापक जनसहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले प्रतिभागियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि ब्रह्माकुमारी, गायत्री परिवार, आर्ट ऑफ लिविंग सहित विभिन्न सामाजिक एवं योग संस्थाएं कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाएंगी। आयुष विभाग के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न स्थलों पर योगाभ्यास कराया जाएगा और नागरिकों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

प्रशासन ने बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है, ताकि “स्वस्थ आयु के लिए योग” की थीम को जन-जन तक पहुंचाया जा सके और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपदवासी अपनी योग से संबंधित फोटो एवं वीडियो कवच पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं।

समीक्षा बैठक में सीडीओ अभिनव जैन, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी, एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी कप्तान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments