HomeNEWSयूपी टी-20 लीग के लिए 25 जून से शुरू होंगे कानपुर सुपर...

यूपी टी-20 लीग के लिए 25 जून से शुरू होंगे कानपुर सुपर स्टार्स के ट्रायल

ग्रीनपार्क स्टेडियम में प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। आगामी महीने ग्रीनपार्क स्टेडियम में आयोजित होने वाली यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण के लिए कानपुर सुपर स्टार्स की टीम चयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत 25 जून से प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ियों के ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार, कानपुर सुपर स्टार्स के लिए ट्रायल 25 जून से 30 जून तक ग्रीनपार्क स्टेडियम में आयोजित होंगे। ट्रायल के माध्यम से युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन टीम के लिए किया जाएगा।

ट्रायल के प्रथम चरण में वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों का चयन परीक्षण किया जाएगा। वहीं कानपुर मंडल के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को भी अपनी क्षमता और खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण, फिटनेस एवं समग्र प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा।

बताया गया कि केडीएमए लीग सहित विभिन्न क्रिकेट प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर भी फ्रेंचाइजी की विशेष नजर रहेगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को टीम में शामिल किए जाने की संभावना अधिक रहेगी।

आयोजकों के अनुसार प्रत्येक फ्रेंचाइजी को 23 से 25 खिलाड़ियों का स्क्वॉड तैयार करना है। ऐसे में ट्रायल युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा को मंच देने और पेशेवर क्रिकेट में आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर साबित होगा।

ट्रायल में कानपुर सहित आसपास के जनपदों के बड़ी संख्या में युवा क्रिकेटरों के शामिल होने की संभावना है, जिससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को नई पहचान मिल सकेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments