
लखनऊ हादसे में जान गंवाने वाले 15 छात्र-छात्राओं को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, शोक संतप्त परिवारों के प्रति जताई संवेदना
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। सामाजिक संस्था अश्वमेघ “एक प्रण” द्वारा श्याम नगर चौराहे पर लखनऊ की दुखद घटना में दिवंगत 15 छात्र-छात्राओं की स्मृति में कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्र-छात्राओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्याम नगर चौराहा मोमबत्तियों की रोशनी से जगमगा उठा और पूरा वातावरण शोक एवं संवेदना से भर गया।

इस अवसर पर संस्था के सदस्य हर्षित मिश्रा ने कहा कि लखनऊ की यह घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके दुःख की भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि अश्वमेघ “एक प्रण” परिवार दिवंगत छात्र-छात्राओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति दें।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे हादसों से समाज को सबक लेने की आवश्यकता है और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। सभी ने एकजुट होकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में संस्था के सदस्य हर्षित मिश्रा, अमन यादव, सौरभ चौहान, समर्थ चौहान, अनस साहू एवं क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती नीलम उमेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत छात्र-छात्राओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और समाज से पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहने का आह्वान किया।


