HomeNEWSमुहर्रम को लेकर डीसीपी ट्रैफिक ने किया प्रमुख चौराहों का निरीक्षण

मुहर्रम को लेकर डीसीपी ट्रैफिक ने किया प्रमुख चौराहों का निरीक्षण

कर्बला चौराहा से कल्याणपुर क्रॉसिंग तक यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, जाम व अतिक्रमण रोकने के दिए निर्देश

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। दसवीं मुहर्रम के दृष्टिगत पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीसीपी यातायात ने कर्बला चौराहा, कोहना, गंगा बैराज, मंधना चौराहा, गुरुदेव चौराहा, कंपनीबाग चौराहा तथा कल्याणपुर क्रॉसिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा संबंधी प्रबंधों, यातायात संकेतकों तथा वर्तमान यातायात संचालन की स्थिति का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि प्रमुख चौराहों, तिराहों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात का संचालन सुचारु रूप से किया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

डीसीपी यातायात ने सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

मुहर्रम के मद्देनजर पुलिस विभाग द्वारा शहर के संवेदनशील एवं व्यस्त क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments