
खाकी वर्दीधारी अनूप कुमार मिश्रा ‘अपूर्व’ का संकल्प, जिले में लगाए जाएंगे 5 हजार बरगद के पौधे
- गौरव मिश्रा
उन्नाव। पर्यावरण संरक्षण और भारत के राष्ट्रीय वृक्ष बरगद के संवर्धन के उद्देश्य से उन्नाव में जल्द ही ‘बरगद लगाओ, बरगद बचाओ’ महाअभियान शुरू किया जाएगा। अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ उपनिरीक्षक एवं पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप कुमार मिश्रा ‘अपूर्व’ कर रहे हैं। अभियान के तहत पूरे जनपद में 5 हजार बरगद के पौधे लगाने और उनका संरक्षण सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान संयोजक अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि बरगद केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पर्यावरण और जैव विविधता का महत्वपूर्ण आधार है। इसी उद्देश्य से जनपद के प्रत्येक गांव में कम से कम पांच तथा स्कूलों, कार्यालय परिसरों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कम से कम एक बरगद का पौधा लगाने की योजना बनाई गई है।
महाअभियान के तहत लोगों को बरगद के धार्मिक, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व से जोड़ने के लिए शहर और गांवों में ‘बरगद कथा’ का आयोजन किया जाएगा। साथ ही गांव और मोहल्ला स्तर पर ‘बरगद बचाओ टास्क फोर्स’ का गठन कर पुराने बरगद के वृक्षों की गणना, संरक्षण और नए पौधों की जियो-टैगिंग कर व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।

अभियान को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने के लिए विवाह, सगाई, जन्मदिन और अन्य शुभ अवसरों पर बरगद का पौधा उपहार स्वरूप देने की परंपरा शुरू करने की भी योजना है। इसके अलावा व्हाट्सएप सहित विभिन्न माध्यमों से एक लाख से अधिक लोगों तक अभियान का संदेश पहुंचाकर सहभागिता की अपील की जाएगी।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए चर्चित पुलिस उपनिरीक्षक अनूप कुमार मिश्रा ‘अपूर्व’ को लोग ‘ट्री मैन ऑफ यूपी’, ‘ऑक्सीजन मैन ऑफ यूपी’, ‘डॉक्टर ऑफ ट्री’ और ‘पेड़ वाले पुलिस अंकल’ के नाम से भी जानते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक बरगद का पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण मिल सके।


