एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडे के निर्देशन में जनपदीय पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर, कानूनी अधिकार और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
- राहुल दीक्षित
कानपुर देहात। मिशन शक्ति-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे के निर्देशन में जनपदीय पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों, आपातकालीन सेवाओं, महिला सहायता तंत्र और शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी विस्तार से जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, उत्पीड़न या साइबर अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस हेल्पलाइन अथवा संबंधित थाने को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जनपदीय पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति-5 अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।


