HomeNEWSपरमट प्राथमिक विद्यालय में नए कक्षा-कक्ष व स्मार्ट क्लास का शिलान्यास, मेधावी...

परमट प्राथमिक विद्यालय में नए कक्षा-कक्ष व स्मार्ट क्लास का शिलान्यास, मेधावी छात्र शिवांशु बने मुख्य अतिथि

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा- शिक्षा को राजनीति से दूर रखना जरूरी, सांसद निधि से विकसित होगा विद्यालय का आधुनिक ढांचा

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। कानपुर के परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। सांसद रमेश अवस्थी ने सांसद निधि से बनने वाले नए कक्षा-कक्षों एवं स्मार्ट क्लास के निर्माण कार्य का शिलान्यास कराया। कार्यक्रम की सबसे विशेष बात यह रही कि शिलान्यास की सभी औपचारिकताएं विद्यालय के मेधावी छात्र कुमार शिवांशु के हाथों संपन्न कराई गईं। छात्र ने विधि-विधान से भूमि पूजन किया, नारियल फोड़ा और शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस पहल की अभिभावकों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल कंटेंट, प्रोजेक्टर, कंप्यूटर और इंटरएक्टिव लर्निंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनकी पढ़ाई अधिक प्रभावी और रोचक बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर मिलना चाहिए।

सांसद ने कहा कि “शिक्षा के मंदिर को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनाया जाना चाहिए।” उन्होंने बताया कि इसी सोच के तहत उन्होंने स्वयं मंच पर मुख्य भूमिका नहीं निभाई, बल्कि एक मेधावी छात्र से शिलान्यास कराकर यह संदेश दिया कि देश का वास्तविक भविष्य उसके बच्चे हैं और शिक्षा से बड़ा कोई सम्मान नहीं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि विद्यालयों को राजनीतिक विवादों से दूर रखा जाए।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि सांसद निधि से बनने वाले नवीन कक्षा-कक्ष और स्मार्ट क्लास से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और अधिक आधुनिक एवं सुदृढ़ होगी। डिजिटल माध्यम से पढ़ाई की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों को नई तकनीकों के अनुरूप शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक और प्रेरणादायी कदम बताते हुए सांसद रमेश अवस्थी का आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments