HomeNEWSदीक्षांत समारोह की तैयारियों की कुलपति ने की समीक्षा, समयबद्ध ढंग से...

दीक्षांत समारोह की तैयारियों की कुलपति ने की समीक्षा, समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश

सीएसए कृषि विश्वविद्यालय में विभिन्न समितियों की बैठक, अतिथि सत्कार, सुरक्षा, मंच व्यवस्था और अन्य तैयारियों का लिया जायजा

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने आगामी दीक्षांत समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित समितियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर शेष कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की गरिमा के अनुरूप समारोह का आयोजन सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें।

समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय के सभी अधिष्ठाता, निदेशक तथा दीक्षांत समारोह के लिए गठित विभिन्न समितियों के अध्यक्ष एवं सह-अध्यक्ष उपस्थित रहे। कुलपति ने प्रत्येक समिति से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की और उनकी प्रगति का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय का महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए सभी तैयारियां गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरी की जानी चाहिए।

बैठक में परिसर की साफ-सफाई, भवनों के रखरखाव, अतिथि सत्कार, मंच व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, परिवहन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कुलपति ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।

डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि दीक्षांत समारोह की सफलता विश्वविद्यालय के सभी अधिकारियों एवं समितियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी समितियों से नियमित समीक्षा करते हुए आपसी समन्वय बनाए रखने और शेष तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का आह्वान किया, ताकि समारोह गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments