
दुर्लभ एबी निगेटिव रक्त समूह की आवश्यकता होने पर संस्था के सदस्यों ने दिखाई तत्परता, रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
- निखिल गुप्ता
फतेहपुर। जरूरतमंद और गंभीर मरीजों की जान बचाने के लिए ‘सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन’ के सदस्यों ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। संस्था के सात सदस्यों ने रक्तदान कर कई मरीजों को नया जीवन देने का कार्य किया।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर के शादीपुर निवासी नूर जहां (पत्नी स्वर्गीय नसीम अहमद) एक निजी अस्पताल शांति मिशन में भर्ती थीं। उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने तत्काल एबी निगेटिव (AB-) रक्त की आवश्यकता बताई। दुर्लभ रक्त समूह होने के कारण परिजन काफी परेशान थे और रक्त की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी।
जैसे ही यह जानकारी संस्था के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की गई, राष्ट्रीय लोक दल के महासचिव एवं सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य आकाश सिंह भदौरिया तुरंत मानस रक्तकेंद्र पहुंचे और अपना दुर्लभ एबी निगेटिव रक्तदान कर मरीज की मदद की।
आकाश सिंह भदौरिया की इस प्रेरणादायक पहल से प्रेरित होकर संस्था के अन्य सदस्यों ने भी रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में आकाश भदौरिया, मोहम्मद मुश्तबा सिद्दीकी, मोहम्मद हशान, अब्दुल फरहद, अब्दुल अशफ़ाक़, जगदीश और राहुल कुमार यादव शामिल रहे।
रक्तदान अभियान के सफल समापन के बाद मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी द्वारा सभी रक्तदाताओं को उनके इस सराहनीय एवं जीवनदायी योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उत्तम उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज साहू, सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के अनीश अहमद एवं गुरमीत सिंह, तथा मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव, अनामिका और विष्णु उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। ऐसे सामाजिक प्रयास समाज में मानवता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।


