HomeNEWSअच्छे अंक से अधिक जरूरी हैं अच्छे संस्कार : फादर सेबेस्टियन फ्रांसिस

अच्छे अंक से अधिक जरूरी हैं अच्छे संस्कार : फादर सेबेस्टियन फ्रांसिस

फातिमा कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित अभिभावक ओरिएंटेशन कार्यक्रम में बच्चों के सर्वांगीण विकास और परिवार-विद्यालय की साझेदारी पर दिया गया जोर

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। फातिमा कॉन्वेंट स्कूल, अशोक नगर में सोमवार को “अभिभावक ओरिएंटेशन कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रिंसिपल सिस्टर सोनी ए.सी. के विशेष प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रयागराज से आए फादर सेबेस्टियन फ्रांसिस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि फादर सेबेस्टियन फ्रांसिस और प्रिंसिपल सिस्टर सोनी ए.सी. ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर फादर सेबेस्टियन फ्रांसिस ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के जीवन में केवल अधिक अंक या बेहतर प्रतिशत ही सफलता का मापदंड नहीं हैं, बल्कि उनसे कहीं अधिक महत्वपूर्ण उनके अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य और व्यक्तित्व का विकास है।

उन्होंने कहा कि आज अधिकांश अभिभावक बच्चों पर अधिक अंक लाने का दबाव बनाते हैं, जिससे कई बार बच्चों पर मानसिक तनाव बढ़ जाता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों से नियमित संवाद करें, उनकी भावनाओं को समझें और उन्हें यह विश्वास दिलाएं कि हर परिस्थिति में परिवार उनके साथ खड़ा है।

फादर सेबेस्टियन ने कहा कि वर्तमान समय में कई परिवारों में अभिभावकों और बच्चों के बीच संवाद की कमी देखने को मिल रही है, जिससे आपसी दूरियां बढ़ रही हैं। यदि परिवार और विद्यालय मिलकर बच्चों का मार्गदर्शन करें तो उनमें सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और अच्छे संस्कार विकसित होंगे।

उन्होंने कहा कि अभिभावकों की जिम्मेदारी केवल बच्चों की पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें नैतिक शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों से भी जोड़ना आवश्यक है। जब घर और स्कूल मिलकर कार्य करेंगे, तभी बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव होगा और वे भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बन सकेंगे।

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए परिवार और विद्यालय की साझेदारी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments