HomeNEWSटूटी पेयजल पाइपलाइन का विधायक सुरेंद्र मैथानी ने किया आकस्मिक निरीक्षण, लापरवाह...

टूटी पेयजल पाइपलाइन का विधायक सुरेंद्र मैथानी ने किया आकस्मिक निरीक्षण, लापरवाह अधिकारियों को लगाई फटकार

शास्त्री नगर और विजयनगर में तीन दिनों से जल संकट, विधायक ने 24 घंटे में आपूर्ति बहाल करने का दिया अल्टीमेटम

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के डबल पुलिया के नीचे जल निगम के निर्माण कार्य के दौरान मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से शास्त्री नगर, विजयनगर सहित आसपास के क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति बाधित है। करीब डेढ़ लाख की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र मैथानी ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर आकस्मिक निरीक्षण किया और जल निगम के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की धीमी गति और अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव, सहायक अभियंता सिकंदर पटेल तथा अवर अभियंता अनिल कुमार को तत्काल मरम्मत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि मंगलवार सुबह तक हर हाल में शास्त्री नगर, विजयनगर और प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति बहाल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा जल जीवन मिशन के माध्यम से लगातार कार्य किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की लापरवाही के कारण जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक ने कहा कि पानी आम नागरिक की मूलभूत आवश्यकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवश्यकता पड़ने पर पूरी रात कार्य कर पाइपलाइन की मरम्मत पूरी करें, लेकिन अगले दिन जलापूर्ति हर हाल में बहाल होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर ही तकनीकी टीम को युद्धस्तर पर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए और स्वयं भी मरम्मत कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

इस अवसर पर जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव, सहायक अभियंता सिकंदर पटेल, अवर अभियंता अनिल कुमार, पूर्व पार्षद प्रेम सिंह, मंडल उपाध्यक्ष सतीश शुक्ला तथा क्षेत्र के अनेक नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments