
शिक्षकों को वितरित किए गए हेल्थ कार्ड, विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी से भेजी गई ₹1,200 की राशि
- सुनील त्यागी
बुलंदशहर। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन का सजीव प्रसारण सुना।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। साथ ही प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से प्रति विद्यार्थी ₹1,200 की धनराशि हस्तांतरित किए जाने की जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना प्रदेश के लाखों शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं उनके आश्रितों को सुरक्षित, सुलभ और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाओं का नया भरोसा प्रदान करेगी। योजना के माध्यम से शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
कार्यक्रम में बुलंदशहर के सांसद डॉ. भोला सिंह, सिकंदराबाद विधायक ठाकुर लक्ष्मीराज सिंह, मुख्य विकास अधिकारी निशा ग्रेवाल, जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


