- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी के राज्य मुख्यालय स्थित लोहिया सभागार में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था, किसानों, युवाओं और महिलाओं सहित हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है तथा वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय को बचाने का चुनाव होगा।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल रहा, दवाइयों और डॉक्टरों की कमी बनी हुई है और आम जनता इलाज के लिए भटकने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।
कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। मेरठ में पुलिस की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है। निर्दोष लोगों के साथ अत्याचार और विपक्ष की आवाज दबाने के प्रयास लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध, दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार तथा किसानों और युवाओं की समस्याओं के प्रति सरकार पूरी तरह असंवेदनशील है।

2027 में बदलाव का किया दावा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के अन्याय और अत्याचार का अंत निकट है। उनके अनुसार वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा का चुनाव होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर बदलाव की शुरुआत करेगी।
राम मंदिर चढ़ावा मामले पर साधा निशाना
अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े प्रकरण का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भगवान के नाम पर राजनीति करने वालों का वास्तविक चरित्र जनता के सामने आ गया है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा को अपना नाम बदलकर “भाचपा (भारतीय चोर पार्टी)” कर लेना चाहिए, क्योंकि भगवान के नाम पर भी भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं।
महिला आरक्षण पर रखा पक्ष
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से महिला आरक्षण की समर्थक रही है। हालांकि, महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं से जोड़कर उसके क्रियान्वयन में देरी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार बिना किसी विलंब के मिलना चाहिए।
कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने का आह्वान
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की नीतियों को उजागर करने और वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और विकास की नई शुरुआत करने के लिए प्रतिबद्ध है।


