HomeNEWSकानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे राष्ट्र को समर्पित, ₹4,850 करोड़ की सड़क परियोजनाओं को मिली...

कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे राष्ट्र को समर्पित, ₹4,850 करोड़ की सड़क परियोजनाओं को मिली रफ्तार

राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुआ लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम

  • अनुराधा सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सड़क अवसंरचना को नई मजबूती देने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में ₹4,850 करोड़ से अधिक लागत की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इनमें ₹4,200 करोड़ की लागत से निर्मित कानपुर-लखनऊ छह लेन एक्सप्रेसवे का लोकार्पण प्रमुख आकर्षण रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय एवं राज्य सरकार के नेताओं ने कहा कि ये परियोजनाएं उत्तर प्रदेश में बेहतर सड़क संपर्क, तेज आवागमन, औद्योगिक विकास और निवेश को नई गति देंगी। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे से दोनों प्रमुख शहरों के बीच यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित होगी, जिससे व्यापार, उद्योग और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

तीन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान ₹4,200 करोड़ की लागत से तैयार कानपुर-लखनऊ छह लेन एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा ₹541 करोड़ की लागत से विकसित हरदोई-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (पैकेज-4) के चार लेन मार्ग का उद्घाटन तथा ₹109 करोड़ की लागत से इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा, लखनऊ पर चार लेन फ्लाईओवर का शिलान्यास किया गया।

प्रदेश के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक सड़क नेटवर्क किसी भी राज्य की आर्थिक प्रगति का आधार होता है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से माल परिवहन में तेजी आएगी, यात्रा का समय कम होगा और निवेश तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार मिलकर उत्तर प्रदेश को बेहतर कनेक्टिविटी और विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, संजय सेठ, बृजलाल, मंत्री राकेश सचान, दयाशंकर सिंह, अजीत पाल सिंह, प्रतिभा शुक्ला, रजनी तिवारी, सांसद डॉ. स्वामी साक्षी महाराज, रमेश अवस्थी, जयप्रकाश रावत, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, अनिल सिंह, नीलिमा कटियार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इसे उत्तर प्रदेश के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि ये परियोजनाएं प्रदेश को “समृद्ध उत्तर प्रदेश–सशक्त भारत” के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments