सचेण्डी क्षेत्र में संयुक्त टीम की छापेमारी, एक दर्जन संदिग्ध हिरासत में, मोबाइल फोन और वाहन बरामद
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) द्वारा संचालित ‘CY Vajra’ अभियान के तहत साइबर अपराधियों के विरुद्ध कमिश्नरेट कानपुर पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के निर्देशन में थाना सचेण्डी क्षेत्र के साइबर अपराध प्रभावित गांवों में सघन कॉम्बिंग एवं रेड अभियान चलाया गया।
यह अभियान पुलिस उपायुक्त अपराध श्रवण कुमार एवं अपर पुलिस उपायुक्त अपराध अंजली विश्वकर्मा के नेतृत्व में साइबर थाना, स्वाट टीम, सर्विलांस टीम, थाना सचेण्डी पुलिस तथा पीएसी के संयुक्त सहयोग से संचालित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने एक दर्जन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। उनके कब्जे से कई संदिग्ध मोबाइल फोन एवं वाहन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस बरामद उपकरणों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


