HomeNEWSभूजल सप्ताह: गंगा बैराज से अटल घाट तक निकली जागरूकता रैली, जल...

भूजल सप्ताह: गंगा बैराज से अटल घाट तक निकली जागरूकता रैली, जल संरक्षण का लिया संकल्प

प्रशासन, छात्र-छात्राओं, एनसीसी-एनएसएस, स्काउट-गाइड और स्वयंसेवी संगठनों ने दिया वर्षा जल संचयन व भूजल संरक्षण का संदेश

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। भूजल सप्ताह-2026 के अंतर्गत कानपुर नगर में जल संरक्षण और भूजल संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गंगा बैराज से अटल घाट तक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, सिविल डिफेंस तथा नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण का संदेश दिया।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “जल ही जीवन है”, “जल है तो कल है” तथा “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को वर्षा जल संचयन, भूजल संरक्षण एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक किया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।

भूजल सप्ताह के अंतर्गत जनपद की ग्राम पंचायतों में भी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। रिचार्ज पिटों की साफ-सफाई, कूप पूजन, पारंपरिक जल संरचनाओं के पुनरुद्धार तथा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान संचालित किए गए। विकासखंड घाटमपुर की ग्राम पंचायत कोरों सहित कई गांवों में छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैलियां निकालकर ग्रामीणों को जल बचाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

इसी क्रम में नगर निगम जलकल विभाग द्वारा शहर में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिटों की साफ-सफाई कर उनकी कार्यक्षमता सुनिश्चित की गई, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संचयन किया जा सके।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे वर्षा जल संचयन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और भूजल स्तर को बढ़ाने के लिए सक्रिय योगदान दें। अधिकारियों ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि आज जल का संरक्षण किया जाएगा, तभी आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित हो सकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments