HomeBundelkhandबुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर मोर्चा का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री के नाम...

बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर मोर्चा का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

  • भानु सहाय के नेतृत्व में रैली निकालकर राज्य गठन और विधानसभा परिसीमन की मांग, जल्द फैसला न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

नरेश राठौर

झांसी। बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने अलग बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर गांधी पार्क से कचहरी तक प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने “कसम राम की खाते हैं, बुंदेलखंड राज्य बनवाएंगे” और “बुंदेलखंड तो लेंगे-लेंगे” जैसे नारे लगाते हुए रैली निकाली।

ज्ञापन में केंद्र सरकार से कहा गया कि नए राज्यों के गठन के लिए संसद के साथ-साथ सभी राज्य विधानसभाओं का भी परिसीमन (डीलिमिटेशन) कराया जाए, ताकि छोटे राज्यों के गठन का मार्ग प्रशस्त हो सके। मोर्चा ने आरोप लगाया कि बुंदेलखंड राज्य के गठन को लेकर पूर्व में किए गए वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं, जिससे क्षेत्र की जनता में निराशा है।

मोर्चा ने मांग की कि झांसी, जालौन, ललितपुर, बांदा, महोबा, चित्रकूट, हमीरपुर सहित उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलों एवं संबंधित तहसीलों को मिलाकर अखंड बुंदेलखंड राज्य का गठन किया जाए। ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश के जनप्रतिनिधियों द्वारा राज्य निर्माण की मांग उठाए जाने के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई, जिससे जनता में सरकार की मंशा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

भानु सहाय ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बुंदेलखंड राज्य के गठन की दिशा में निर्णय नहीं लिया गया तो बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा आगामी चुनावों में व्यापक जनआंदोलन चलाकर जनप्रतिनिधियों का विरोध करेगा।

इस अवसर पर मोर्चा के प्रवक्ता रघुराज शर्मा, रजनीश श्रीवास्तव, प्रदीप नाथ झा, हनीफ खान, प्रदीप गुर्जर, बृजेश राय, नरेश वर्मा, प्रेम सपेरा, अभिषेक तिवारी, अरुण रायकवार, विजय रायकवार, शंकर रायकवार, प्रभूदयाल कुशवाहा, कुलवंत सिंह खालसा, धनश्याम गौतम, अनिल कश्यप, राजेश लोहिया, मोहम्मद शफीक, शाहजहां बेगम, कुंती राय, शबनम आरा खान, ममता देवी, शाइदा बेगम, राधा वर्मा, रजनी वर्मा, मुन्नी देवी सहित बड़ी संख्या में मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments