- अनुराधा सिंह
लखनऊ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) अवध प्रांत द्वारा लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में संगठन शिल्पी प्रो. यशवंतराव केलकर की जन्मशती वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष अभिवाचन कार्यक्रम ‘प्रिय केलकर जी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभाविप के पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तथा शिक्षाविदों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन मुख्य अतिथि तथा क्षेत्रीय प्रचार सह-प्रमुख मनोजकांत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता आदित्य सिंह, युवा उद्यमी अरुण रावत, प्रांत उपाध्यक्ष प्रो. मंजुला उपाध्याय, प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा तथा लखनऊ महानगर मंत्री सरिता पाण्डेय मौजूद रहे।

कार्यक्रम में प्रो. यशवंतराव केलकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व, विद्यार्थी परिषद के वैचारिक और संगठनात्मक निर्माण में उनके योगदान तथा वर्तमान समय में उनके विचारों की प्रासंगिकता पर विस्तृत चर्चा की गई। इससे पूर्व पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं के मिलन-समागम में केलकर जी से जुड़े संस्मरण साझा किए गए और उनकी कार्यकर्ता निर्माण की परंपरा का स्मरण किया गया।
मुख्य अतिथि स्वांत रंजन ने कहा कि प्रो. यशवंतराव केलकर ने विद्यार्थी परिषद को केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और कार्यकर्ता निर्माण का सशक्त माध्यम बनाया। उन्होंने परिषद को सामूहिकता, पारदर्शिता, स्वायत्त कार्यशैली और रचनात्मक सोच के मूल्यों पर आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों के बीच भी केलकर जी का चिंतन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शक बना हुआ है।
मुख्य वक्ता मनोजकांत ने कहा कि केलकर जी ने ऐसी कार्यकर्ता निर्माण की परंपरा विकसित की, जिसने अभाविप को विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन बनाया। आज संगठन शिक्षा, तकनीक, प्रशासन, न्यायपालिका, उद्योग, ग्राम विकास, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक जीवन सहित अनेक क्षेत्रों में राष्ट्रनिष्ठ नेतृत्व तैयार कर रहा है।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि आज वे जिस स्थान पर हैं, उसमें अभाविप के संस्कारों और प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ हजारों कार्यकर्ताओं का निर्माण किया है। अनुच्छेद-370 हटाने जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर वैचारिक वातावरण तैयार करने में भी परिषद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
अभाविप अवध प्रांत के प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा ने कहा कि जन्मशती वर्ष के अवसर पर केलकर जी के विचारों का स्मरण और विभिन्न पीढ़ियों के कार्यकर्ताओं का एक मंच पर मिलना संगठन के लिए प्रेरणादायी अवसर है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव वर्तमान पीढ़ी के लिए ऊर्जा और मार्गदर्शन का स्रोत हैं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद के विशेष आमंत्रित सदस्य प्रो. राजशरण शाही, क्षेत्रीय संगठन मंत्री (पूर्वी उत्तर प्रदेश) घनश्याम शाही, अवध प्रांत संगठन मंत्री अभिलाष, प्रांत सह संगठन मंत्री ज्ञानेंद्र सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं पूर्व कार्यकर्ताओं में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, भाजपा के पूर्व महामंत्री अनूप गुप्ता, भाजपा प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्र, प्रो. जे.पी. सिंह सहित सैकड़ों पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।


