
पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह रहे मुख्य अतिथि, संगठन की मजबूती और जनसंपर्क बढ़ाने पर दिया जोर
- रवि कुमार गुप्ता
झांसी। भारतीय जनता पार्टी झांसी महानगर द्वारा पंडित दीनदयाल सभागार में बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व जलशक्ति मंत्री एवं भाजपा मध्य प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश सह संयोजक वीरेन्द्र तिवारी, महापौर बिहारीलाल आर्य, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह तथा झांसी सदर विधायक रवि शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सम्मेलन में बूथ संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका तथा “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” अभियान को सफल बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का मजबूत संगठन है और आगामी चुनावों में विजय का आधार भी सशक्त बूथ ही होगा।

झांसी सदर विधायक रवि शर्मा ने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं तथा उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
मुख्य अतिथि डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रभावी मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और जनसेवा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाकर आगामी चुनौतियों के लिए पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” के संकल्प को दोहराते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का प्रण लिया।


