300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से सुलझी वारदात, चोरी के आभूषण, नकदी और बुलेट बाइक बरामद
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। थाना काकादेव पुलिस एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 11 जुलाई 2026 को ज्वैलर्स की दुकान में हुई लगभग 60 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना की जांच के दौरान 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर आरोपियों का विभिन्न राज्यों तक पीछा करते हुए उन्हें औरैया एवं कानपुर देहात से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, दो लाख रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद सामान का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 60 लाख रुपये बताया गया है।

पूछताछ में मुख्य आरोपी विकास उर्फ अद्दू और उसकी पत्नी ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी के कुछ आभूषण दो सर्राफा कारोबारियों को बेच दिए थे। बिक्री से प्राप्त धनराशि का उपयोग उन्होंने घूमने-फिरने और अन्य शौक पूरे करने में किया। पुलिस ने बेचे गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी विकास उर्फ अद्दू एक शातिर एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके विरुद्ध चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर सहित 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया है। मामले की जानकारी पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) अतुल श्रीवास्तव ने दी।


