HomeNEWSजौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण पर रोक की मांग, सपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल...

जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण पर रोक की मांग, सपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे बोले— शिक्षा के अधिकार और संविधान की भावना के विरुद्ध है कार्रवाई, छात्रहित की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा

  • नरेश राठौर

रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने रामपुर पहुंचकर जिलााधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि जौहर विश्वविद्यालय केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि हजारों गरीब, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक एवं वंचित विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इस संस्थान को बचाना शिक्षा और छात्रहित की रक्षा का महत्वपूर्ण प्रश्न है। समाजवादी पार्टी ने कहा कि वह संविधान, शिक्षा के अधिकार और छात्रहित की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक संघर्ष में अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी।

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने कहा कि विश्वविद्यालय की इमारत पर बुलडोजर चलाने का निर्णय देश की शिक्षा व्यवस्था और संविधान में प्रदत्त शिक्षा के अधिकार की भावना के विपरीत है। उन्होंने इसे जनविरोधी कदम बताते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को संरक्षित किया जाना चाहिए, न कि उन्हें ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाए।

प्रतिनिधिमंडल में नसीर अहमद खान, कमाल अख्तर, शाहिद मंजूर, अताउर्रहमान, नवाब जान, हाजी नासिर कुरैशी, मोहम्मद फहीम इरफान, शहजिल इस्लाम अंसारी, रफीक अंसारी, अतुल प्रधान, पंकज कुमार मलिक, पिंकी सिंह, इकबाल महमूद, राम खिलाड़ी सिंह यादव, महबूब अली, स्वामी ओमवेश, तसलीम अहमद, मनोज कुमार पारस, राम अवतार सिंह सैनी, समर पाल सिंह, जयवीर सिंह सहित कई विधायक, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने और शिक्षा संस्थान को संरक्षित रखने की मांग दोहराई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments