23 एटीएम कार्ड, 13 पासबुक और 9 चेकबुक बरामद, साइबर ठगी की रकम ठिकाने लगाने के लिए इस्तेमाल होते थे म्यूल खाते
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लखनऊ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 23 एटीएम कार्ड, 13 पासबुक, 9 चेकबुक तथा 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साथ ही आरोपियों के म्यूल बैंक खातों में मौजूद करीब 5 लाख रुपये की धनराशि फ्रीज कराई गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेरोजगार लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनके नाम पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाते थे। इसके बाद उनसे चेकबुक, पासबुक, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, नेट बैंकिंग यूजर आईडी, पासवर्ड और अन्य बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारियां अपने कब्जे में लेकर खातों का पूरा नियंत्रण स्वयं संभाल लेते थे।
जांच के अनुसार इन बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को प्राप्त करने और उसे आगे ठिकाने लगाने के लिए किया जाता था। खाते में रकम आते ही आरोपी तुरंत धनराशि निकाल लेते थे, उसमें से अपना कमीशन रखकर शेष रकम साइबर अपराधियों तक पहुंचा देते थे।
लखनऊ पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने तथा साइबर ठगी के पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी है।


