मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में सम्मेलन आयोजित, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक जीत दिलाने का लिया संकल्प
- नरेश राठौर
दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव-2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में दतिया नगर में व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने व्यापारियों को संबोधित किया।
सम्मेलन के दौरान भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार की सुशासन, विकास एवं व्यापार हितैषी नीतियों का उल्लेख करते हुए व्यापारियों से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में समर्थन की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद व्यापारियों ने भी भाजपा प्रत्याशी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, चुनाव प्रभारी एवं सांसद भरत सिंह कुशवाह, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं चुनाव सह-प्रभारी राहुल कोठारी, सांसद संध्या राय, विधायक प्रदीप अग्रवाल तथा भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सम्मेलन में वक्ताओं ने आगामी उपचुनाव में भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक मतदाताओं से संपर्क करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारिक समुदाय के साथ संवाद स्थापित कर चुनावी रणनीति को मजबूत करना रहा।


