
उच्च शिक्षा विभाग के 1.28 लाख से अधिक शिक्षकों एवं आश्रितों को मिलेगा ₹5 लाख तक का कैशलेस उपचार
- अनुराधा सिंह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लखनऊ स्थित पीजी कॉलेज सभागार में ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया। यह योजना प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के माध्यम से प्रदेश के 1.28 लाख से अधिक उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षक एवं उनके आश्रित परिवारजन ₹5 लाख तक की निःशुल्क, गुणवत्तापूर्ण और कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने इसे शिक्षकों के सम्मान, स्वास्थ्य सुरक्षा और कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक पहल बताया।
बृजेश पाठक ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। यह योजना शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके परिवारों को भी आर्थिक राहत प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार जनहितकारी निर्णय ले रही है। सरकार का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शिक्षकों के सामाजिक एवं आर्थिक हितों की रक्षा करना है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि “स्वस्थ शिक्षक, सशक्त शिक्षा” विकसित उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव है और सरकार इसी सोच के साथ शिक्षकों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, नेशनल पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी प्रफुल्ल शर्मा, जिला नोडल अधिकारी (उच्च शिक्षा) प्रो. शिवानी श्रीवास्तव सहित अनेक शिक्षाविद्, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


