
हिंदुस्तान न्यूज़ के कार्यक्रम में जांबाज महिलाओं का हुआ सम्मान, समान अवसर और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
- दिवाकर गुप्ता
बहराइच। हिंदुस्तान न्यूज़ की ओर से आयोजित ‘मिशन शक्ति’ संवाद कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष एवं स्पार्क ग्रुप ऑफ कॉलेज की निदेशक डॉ. अभिलाषा वर्मा ने सहभागिता करते हुए महिला सशक्तिकरण विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि महिलाओं को निर्णय लेने की स्वतंत्रता, समान अवसर और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस प्रयासों का नाम है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य प्रज्ञा मैम, विशिष्ट अतिथि के रूप में केडीसी के प्राचार्य मेजर एस.पी. सिंह तथा सीओ अंकित मौजूद रहे। वक्ताओं ने महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं के संघर्ष और उपलब्धियों को प्रेरणादायक बताते हुए डॉ. अभिलाषा वर्मा ने कहा कि जब महिलाओं को समान अवसर और उचित मंच मिलता है, तो वे समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का आर्थिक और मानसिक रूप से आत्मनिर्भर होना ‘मिशन शक्ति’ अभियान की सफलता की कुंजी है। साथ ही उन्होंने समाज से महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भेदभावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की।
डॉ. अभिलाषा वर्मा ने इस प्रेरणादायी कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए हिंदुस्तान न्यूज़ की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी को मिलकर ऐसा समाज बनाना चाहिए, जहां प्रत्येक बेटी और महिला सुरक्षित वातावरण में अपने सपनों को साकार कर सके।


