समाज सेवा, रक्तदान और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए लखनऊ में किया गया सम्मानित
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, अंबेडकरनगर शाखा की चेयरमैन एवं आरम्भ फाउंडेशन की अध्यक्ष संध्या सिंह को समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लखनऊ में आयोजित भव्य ‘जनशक्ति सम्मान समारोह’ में प्रतिष्ठित ‘जनशक्ति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान एमएलसी पवन सिंह चौहान एवं नीलांश ग्रुप के डायरेक्टर संतोष श्रीवास्तव ने प्रदान किया।
द सेलेस्टियन मेनोर, लखनऊ में आयोजित समारोह का आयोजन माँ गायत्री जन सेवा संस्थान एवं नीशू वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, चिकित्सक, शिक्षाविद, उद्योगपति, पत्रकार और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, वरिष्ठ समाजसेविका नम्रता पाठक सहित अन्य अतिथियों ने समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर संध्या सिंह को ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में आमंत्रित किया गया। अतिथियों ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया और स्वैच्छिक रक्तदान, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा जनसेवा के क्षेत्र में उनके निरंतर कार्यों की सराहना की।
संध्या सिंह पिछले कई वर्षों से स्वैच्छिक रक्तदान आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने, जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विभिन्न अभियानों का नेतृत्व कर रही हैं। उनके प्रयासों से सैकड़ों जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध हुआ है और अनेक सामाजिक अभियान सफलतापूर्वक संचालित हुए हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद संध्या सिंह ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व के साथ-साथ नई जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों और समाजसेवियों का है, जो निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा में लगे हैं। उन्होंने आयोजन के लिए माँ गायत्री जन सेवा संस्थान के अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, नीशू वेलफेयर फाउंडेशन की अध्यक्ष गुंजन वर्मा एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि संध्या सिंह को इससे पूर्व उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तराखंड के राज्यपालों सहित उत्तर प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री द्वारा भी उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। जनशक्ति सम्मान उनके सेवा कार्यों और समाज में बढ़ते जनविश्वास का एक और महत्वपूर्ण प्रमाण माना जा रहा है।


