HomeBundelkhandअटल सेवा संस्थान ने मित्रता दिवस पर दिया सेवा और सहयोग का...

अटल सेवा संस्थान ने मित्रता दिवस पर दिया सेवा और सहयोग का संदेश

जरूरतमंद बच्चे को भेंट की शिक्षा सामग्री, सदस्यों ने निस्वार्थ मित्रता और समाजसेवा का लिया संकल्प

  • नरेश राठौर

झांसी। अटल सेवा संस्थान के तत्वावधान में रविवार को रानी लक्ष्मीबाई पार्क स्थित वॉलीबॉल ग्राउंड में मित्रता दिवस (फ्रेंडशिप डे) उत्साह और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संस्थान के सदस्यों ने संगठन की एकजुटता, परस्पर सहयोग और निस्वार्थ सेवा की भावना को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सभी सदस्यों को फ्रेंडशिप बैंड बांधे गए। साथ ही सामाजिक दायित्व निभाते हुए एक जरूरतमंद बच्चे को स्कूल बैग एवं पठन-पाठन की आवश्यक सामग्री भेंट की गई। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे शिक्षा और समाजसेवा की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।

कार्यक्रम में सामाजिक संस्था उज्ज्वल एनजीओ की प्रतिनिधि नम्रता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने समाजहित में कार्य करने के लिए संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।

संस्थान के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि सच्ची मित्रता वही है, जो हर परिस्थिति में साथ निभाए और समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहे। उन्होंने कहा कि अटल सेवा संस्थान भविष्य में भी सामाजिक, शैक्षिक और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।

कार्यक्रम में संस्था के सदस्य एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments