पेंशन, निःशुल्क बस यात्रा, आवास और राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याओं पर 282 शिकायतें दर्ज
हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी द्वारा दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से एक विशेष समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और पेंशन, निःशुल्क बस यात्रा, आवास, रोजगार, राशन कार्ड एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं दर्ज कराईं।
शिविर में 200 दिव्यांगजनों ने पेंशन की राशि खातों में न पहुंचने की शिकायत की, जबकि 58 लोगों ने इलेक्ट्रिक सिटी बसों में निःशुल्क यात्रा पास न बनने की समस्या बताई। इसके अलावा दूरदराज से आए 24 दिव्यांगजनों ने आवास, स्वरोजगार के लिए ऋण, गरीबी रेखा का आय प्रमाण पत्र, रेलवे यूनिक कार्ड तथा अंत्योदय राशन कार्ड न बनने संबंधी शिकायतें दर्ज कराईं।
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि अधिकांश शिकायतें दिव्यांग पेंशन के भुगतान में देरी और इलेक्ट्रिक सिटी बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रभावित होने को लेकर प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में केसीटीएसएल के प्रबंध निदेशक के पत्र के आधार पर उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से पत्राचार किया गया है, ताकि दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा पुनः प्रभावी रूप से लागू कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 3 अगस्त को दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा तथा प्रमुख सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर दिव्यांगजनों की समस्याओं का समाधान कराने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि किसी भी दिव्यांग व्यक्ति को यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो वह शास्त्री नगर स्थित बड़ा सेंट्रल पार्क, बगिया गेट नंबर-4 पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकता है।
शिविर में राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, अरविंद सिंह, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, गोमती वर्मा, ओम प्रकाश दास, रंजीत कुमार सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


