HomeNEWSकानपुर में 3 से 7 अगस्त तक स्कूल आधारित टीडी-डीपीटी टीकाकरण अभियान...

कानपुर में 3 से 7 अगस्त तक स्कूल आधारित टीडी-डीपीटी टीकाकरण अभियान शुरू

60 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा सुरक्षा कवच, डीएम ने छात्रा को टीका लगवाकर किया शुभारंभ

  • मनीष कुमार

कानपुर नगर। जनपद में बच्चों को टिटनेस, डिप्थीरिया और काली खांसी जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए 3 से 7 अगस्त तक स्कूल आधारित टीडी-डीपीटी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत कक्षा 5 से 12 तक के लगभग 60 हजार विद्यार्थियों का टीकाकरण किया जाएगा। सोमवार को छावनी परिषद स्कूल, फेथफुलगंज में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने एक छात्रा को टीका लगवाकर अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ मदरसों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग करते हुए शत-प्रतिशत पात्र विद्यार्थियों का टीकाकरण सुनिश्चित कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीडी-डीपीटी का टीका बच्चों को टिटनेस, डिप्थीरिया और काली खांसी जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है।

डीएम ने कहा कि अधिकांश अभिभावक जन्म से पांच वर्ष तक के नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूक रहते हैं, लेकिन पांच वर्ष, 10 वर्ष और 16 वर्ष की आयु पर लगने वाले बूस्टर डोज कई बार छूट जाते हैं। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित, वैज्ञानिक और निःशुल्क है तथा कुछ बच्चों के छूट जाने से पूरे विद्यालय और समुदाय पर इसका प्रभाव पड़ सकता है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ने बताया कि जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों तथा मदरसों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील करते हुए कहा कि डिप्थीरिया गले और श्वसन तंत्र को प्रभावित करने वाला गंभीर संक्रमण है, काली खांसी छोटे बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है, जबकि टिटनेस घाव के माध्यम से होने वाला गंभीर संक्रमण है, जिससे मांसपेशियों में अकड़न और ऐंठन की समस्या उत्पन्न होती है। इन तीनों बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीडी-डीपीटी टीकाकरण है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.पी. यादव ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए बेसिक शिक्षा विभाग और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों एवं मदरसों में कक्षा 5 से 12 तक के पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को निर्धारित तिथि पर विद्यालय भेजने और अभियान में सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि टीकाकरण पूरी तरह निःशुल्क है। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए सीएमओ कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। अभिभावक 9335301096 पर संपर्क कर टीकाकरण संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित विद्यालय, खंड शिक्षा अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) एवं जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय से भी अभियान की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, एनयूएचएम के नोडल अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर, अर्बन हेल्थ फील्ड कोऑर्डिनेटर, जिला सूचना अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग एवं विद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments