
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभक्ति गीत और पुस्तक का हुआ लोकार्पण-विमोचन
- नेहा पाठक
नई दिल्ली। कानपुर से सांसद रमेश अवस्थी ने नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित “इंडिया बियॉन्ड बॉर्डर्स” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।
भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य संगीत, साहित्य और संस्कृति के माध्यम से विश्वभर में बसे भारतीयों को एक सूत्र में जोड़ना और भारतीय संस्कृति के वैश्विक स्वरूप को सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीत “मन जन गण मन गाएगा” के वीडियो का लोकार्पण किया गया। साथ ही लेखिका समृद्धि जैन की प्रथम पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन देश-विदेश में बसे भारतीयों को अपनी जड़ों से जोड़ने और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए डॉ. योजना साह जैन एवं LIPI Europe की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।


