चौक सराफा वार्ड कमेटी के आयोजन में शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को किया गया नमन
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में वार्ड कमेटी चौक सराफा द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मध्यरात्रि ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। आयोजकों के अनुसार आजादी के समय से चली आ रही यह परंपरा कांग्रेस द्वारा लगातार आयोजित की जा रही है और इसे देश में अपनी तरह की अनूठी परंपरा बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों की वीर गाथाओं पर आधारित वक्ताओं के संबोधन हुए। इसके साथ ही देशभक्ति से ओत-प्रोत राष्ट्रीय गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं। समारोह में आकर्षक आतिशबाजी के साथ सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया।
इसके अलावा मेस्टन रोड स्थित सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने ध्वजारोहण किया और नेताजी सहित देश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीरों को नमन किया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि देश की आजादी के लिए हमारे पूर्वजों ने लंबे समय तक संघर्ष किया और अनेक वीरों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग को हमेशा याद रखना तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम में शांतनु दीक्षित, संजय त्रिवेदी, उमेश वर्मा, संतोष मिश्र, संतोष पाठक, मो. सिराज, हाजी फहीम, इमरान कुरैशी, संदीप शुक्ला, संजीव दरियाबादी, नौशाद आलम, नरेश त्रिपाठी, मदन मोहन शुक्ला, जियाउर रहमान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


