HomeNEWSफ्लो स्किल सेंटर की शुरुआत, महिलाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण और आजीविका...

फ्लो स्किल सेंटर की शुरुआत, महिलाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण और आजीविका का अवसर

तीन माह का निःशुल्क सिलाई-टेलरिंग प्रशिक्षण शुरू, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता पर भी जोर

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फिक्की फ्लो कानपुर की ओर से महिलाओं को कौशल विकास एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फ्लो स्किल सेंटर का शुभारंभ किया गया।

केंद्र में प्रथम चरण में तीन माह का निःशुल्क सिलाई एवं टेलरिंग प्रशिक्षण शुरू किया गया है। प्रशिक्षण की कक्षाएं प्रत्येक सप्ताहांत आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही प्रशिक्षणार्थी महिलाओं को डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे अर्जित कौशल को रोजगार और उद्यमिता के अवसरों में बदल सकें।

फ्लो स्किल सेंटर का संचालन पूरे वर्ष किया जाएगा। आने वाले समय में यहां कढ़ाई, क्रोशिया, मैक्रेमे एवं अन्य हस्तशिल्प से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। इसका उद्देश्य महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में हुनरमंद बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के अवसर उपलब्ध कराना है।

इस पहल का मार्गदर्शन नलिनी सनवाल ने किया। केंद्र के लिए सहयोग एवं स्थान उपलब्ध कराने में राधिका गुप्ता एवं श्रुति चांडक के योगदान के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया। वहीं नीतू गर्ग ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।

कार्यक्रम के दौरान ध्वजारोहण भी किया गया तथा प्रतिभागियों के बीच स्नैक बॉक्स वितरित किए गए। आयोजकों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सीखने, कमाने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करना है, ताकि वे अपने कौशल के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त होकर परिवार और समाज के विकास में योगदान दे सकें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments