
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और पीएम मोदी ने ‘सदैव अटल’ पहुंचकर अर्पित की पुष्पांजलि
- सोनिया सिंह
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल जी एक असाधारण राजनेता थे, जिनकी दूरदृष्टि अद्वितीय थी। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।
राजधानी दिल्ली स्थित अटल बिहारी वाजपेयी के समाधि स्थल ‘सदैव अटल’ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने कहा कि अद्भुत दूरदर्शिता वाले असाधारण राजनेता के रूप में अटल जी ने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया। उनके विचारों और प्रयासों ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया तथा उनके नेतृत्व ने देश को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सुशासन और जनकल्याण के प्रति अटल बिहारी वाजपेयी का समर्पण सदैव देश का मार्गदर्शन करता रहेगा। उनके विचार आज भी सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी ‘सदैव अटल’ पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनके स्मारक पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।

भारत के विकास में अहम योगदान
अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। उन्होंने 16 अगस्त 2018 को नई दिल्ली में अंतिम सांस ली। वह भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री बनने वाले पहले नेता थे।
अटल बिहारी वाजपेयी को एक प्रखर वक्ता, कुशल राजनेता और कवि के रूप में भी याद किया जाता है। उनके नेतृत्व में भारत ने पोखरण में परमाणु परीक्षण किया। उनकी सरकार के दौरान स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को भी आगे बढ़ाया गया।
देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से अटल बिहारी वाजपेयी को वर्ष 2015 में सम्मानित किया गया था। उनके राजनीतिक जीवन, राष्ट्र के प्रति समर्पण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को आज भी देशभर में सम्मान के साथ याद किया जाता है।


