
डांस, कविता और गायन की प्रस्तुतियों से बच्चों ने बांधा समां, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का दिया संदेश
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उन्नति सेवा संस्थान द्वारा राजा पुरवा संडे क्लास में बच्चों के साथ देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देश के प्रति अपने सम्मान और प्रेम की भावना व्यक्त की। बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक डांस, कविता, गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।

आयोजन के दौरान बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का संदेश दिया। बच्चों के उत्साह और शानदार प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर उन्नति सेवा संस्थान की टीम ने बच्चों को राष्ट्रध्वज के सम्मान, देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में देशप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना भी रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए राजा पुरवा संडे क्लास टीम का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले सभी सदस्यों, बच्चों एवं सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए उनके योगदान की सराहना की।


