डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने कल्याणपुर थाने में आयोजित किया अर्दली रूम, अपराधी एवं माफिया प्रवृत्ति के लोगों के सत्यापन के दिए निर्देश
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। दिनांक 17 अगस्त 2026 को पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी द्वारा थाना कल्याणपुर कमिश्नरेट कानपुर नगर में अर्दली रूम आयोजित किया गया। इस दौरान थाना कल्याणपुर के समस्त विवेचकों की लंबित एवं विचाराधीन विवेचनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीसीपी पश्चिम ने अकारण विवेचनाओं को लंबित रखने वाले विवेचकों को सख्त हिदायत देते हुए सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विवेचना के दौरान भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान अपराधी, सांप्रदायिक एवं माफिया प्रवृत्ति के व्यक्तियों का घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीसीपी ने थाना प्रभारी एवं समस्त पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उनकी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही पुलिसकर्मियों को जनसुनवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने को कहा गया, ताकि किसी भी परिस्थिति में शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
अर्दली रूम के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त, कल्याणपुर भी मौजूद रहे।


