HomeNEWSयूपी टी20 लीग को लेकर तैयारियों की समीक्षा, 28 अगस्त से ग्रीन...

यूपी टी20 लीग को लेकर तैयारियों की समीक्षा, 28 अगस्त से ग्रीन पार्क में होंगे 12 मैच

मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश, निर्बाध बिजली और बेहतर सफाई व्यवस्था पर जोर

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश टी20 लीग के आगामी मैचों को लेकर तैयारियों की समीक्षा के लिए मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों और यूपी टी20 लीग से जुड़े पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में 28 अगस्त से 6 सितंबर तक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होने वाले 12 मैचों सहित लीग के फाइनल मैच की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने कहा कि प्रदेश की प्रतिष्ठित टी20 लीग के दौरान खिलाड़ियों, दर्शकों और शहर में आने वाले अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मैचों के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या असुविधा न हो।

ग्रीन पार्क के आसपास विशेष सफाई अभियान

मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को ग्रीन पार्क स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीवर एवं नालियों की सफाई समय से पूरी कराने, पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती करने और स्टेडियम के आसपास कूड़ा एकत्र न होने देने को कहा।

इसके साथ ही मैचों के दौरान बंदरों एवं आवारा कुत्तों से संबंधित समस्याओं की रोकथाम के लिए नगर निगम को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निर्बाध बिजली आपूर्ति पर जोर

विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने केस्को अधिकारियों को ग्रीन पार्क स्टेडियम की विद्युत व्यवस्था का पहले से निरीक्षण कर सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मैचों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही किसी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए मोबाइल ट्रांसफार्मर सहित वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था तैयार रखने को कहा।

पेड़ों की छंटाई और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

वन विभाग के अधिकारियों को ग्रीन पार्क स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार पेड़ों की छंटाई तथा झाड़ियों की कटाई कराने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि खिलाड़ियों और दर्शकों की आवाजाही वाले स्थानों पर किसी तरह की बाधा नहीं होनी चाहिए और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखा जाए।

बैठक में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार, सीएफओ दीपक शर्मा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह, यूपी टी20 लीग के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर, नोडल अधिकारी सुजीत श्रीवास्तव, सीईओ अंकित चटर्जी, सेक्रेटरी प्रेम मनोहर गुप्ता और सचिन शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments