
‘Silent Crimes’ फिल्म के जरिए साइबर जागरूकता का संदेश, AI और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग पर हुई चर्चा
प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर।। पुलिस आयुक्त कार्यालय के सभागार में 20 अगस्त 2026 को पुलिस आयुक्त की अध्यक्षता में जनपद के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ संवाद एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देने के साथ साइबर अपराध के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना रहा।
बैठक के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा एवं अपर पुलिस उपायुक्त/स्टाफ ऑफिसर श्री योगेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर द्वारा निर्मित साइबर जागरूकता पर आधारित फिल्म ‘Silent Crimes’ का प्रदर्शन किया गया।

फिल्म के माध्यम से साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सोशल मीडिया पर सकारात्मक और रचनात्मक कंटेंट को बढ़ावा देने तथा साइबर जागरूकता से जुड़े संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने जनहित के मुद्दों पर जागरूकता फैलाने में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की भूमिका की सराहना की।
पुलिस एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के बीच निरंतर संवाद और बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया, ताकि डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग जनजागरूकता और समाजहित के लिए प्रभावी ढंग से किया जा सके।


