केंद्रीय नोडल अधिकारी आलोक तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक, योजना की प्रगति की प्रस्तुति के बाद बायो एनर्जी FPO की गतिविधियों का लिया जायजा
- मोहित कुमार
महोबा। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (PMDDKY) की प्रगति की समीक्षा को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय नोडल अधिकारी (भारत सरकार) आलोक तिवारी ने की। इस दौरान जिलाधिकारी गजल भारद्वाज सहित संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में योजना के तहत अब तक हुई प्रगति की जानकारी दी गई।
बैठक में अधिकारियों द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत जिले में किए जा रहे कार्यों एवं अब तक की प्रगति से नोडल अधिकारी को अवगत कराया गया। योजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए कृषि क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय के अवसरों को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक के उपरांत केंद्रीय नोडल अधिकारी आलोक तिवारी ने सिजहरी स्थित आशियाना बायो एनर्जी एफपीओ का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने एफपीओ परिसर में संचालित गौशाला, नर्सरी, दाल एवं मिलेट मिल तथा प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया और वहां की गतिविधियों की जानकारी ली।
किसानों के लिए कृषि को अधिक लाभदायक बनाने पर जोर
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना केंद्र सरकार की ऐसी पहल है, जिसका उद्देश्य कृषि क्षेत्र को आधुनिक, लाभदायक और टिकाऊ बनाने के साथ कृषि एवं उससे जुड़े क्षेत्रों के एकीकृत विकास को बढ़ावा देना है। योजना को नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम की तर्ज पर तैयार किया गया है।
योजना के तहत आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों और माइक्रो-इरिगेशन जैसी तकनीकों के माध्यम से कृषि उत्पादकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही फसल विविधीकरण को बढ़ावा देते हुए दलहन, तिलहन और अन्य फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य है।
योजना के अंतर्गत कटाई के बाद फसलों के भंडारण के लिए पंचायत एवं ब्लॉक स्तर पर कोल्ड स्टोरेज और गोदाम जैसी अवसंरचना को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
इसके अलावा किसानों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने के लिए डेयरी, मत्स्य पालन, पशुपालन और मधुमक्खी पालन जैसे संबद्ध क्षेत्रों को भी कृषि गतिविधियों के साथ जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


