
Rocket Science से लेकर Virtual Reality Space Visit तक, करीब 500 विद्यार्थियों ने लिया कार्यशालाओं में हिस्सा
- मोहित कुमार
महोबा। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर जनपद महोबा में विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान, वैज्ञानिक सोच, तकनीकी समझ एवं नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विशेष अंतरिक्ष विज्ञान एवं तकनीकी कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। दिल्ली से आई Space India की विशेषज्ञ टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न ज्ञानवर्धक, प्रयोगात्मक एवं अनुभवात्मक गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान की बारीकियों से परिचित कराया।
Rocket Science Workshop बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम की प्रमुख गतिविधियों में Rocket Science Workshop विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। छात्र-छात्राओं को रॉकेट के वैज्ञानिक सिद्धांत एवं प्रक्षेपण प्रक्रिया गतिविधि आधारित तरीके से समझाई गई। विद्यार्थियों ने स्वयं पेपर रॉकेट एवं गैस रॉकेट तैयार कर उनका लॉन्च किया। इसके साथ ही हाइड्रो रॉकेट (Water Rocket) तैयार कर उसका भी सफल प्रक्षेपण किया गया।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने रॉकेट के पीछे काम करने वाले वैज्ञानिक सिद्धांतों को प्रयोग एवं प्रत्यक्ष अनुभव के जरिए समझा।
VR के जरिए किया अंतरिक्ष स्टेशन का वर्चुअल भ्रमण
कार्यशाला में Virtual Reality (VR) तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष स्टेशन एवं अंतरिक्ष की वर्चुअल विजिट कराई गई। विद्यार्थियों ने VR के जरिए अंतरिक्ष स्टेशन के वातावरण और अंतरिक्ष से जुड़ी गतिविधियों का रोचक एवं अनुभवात्मक अवलोकन किया।
वहीं Safe Solar Observation के माध्यम से विद्यार्थियों को सूर्य का सुरक्षित तरीके से अवलोकन कराया गया। इस दौरान सूर्य, सौरमंडल एवं अंतरिक्ष से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ सूर्य का अवलोकन करते समय बरती जाने वाली आवश्यक सुरक्षा सावधानियों के बारे में भी बताया गया।
BMS Workshop में स्मार्ट बिल्डिंग तकनीक की जानकारी
इसके अतिरिक्त BMS (Building Management System) Activity Workshop का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को आधुनिक भवनों में इस्तेमाल होने वाली तकनीकों एवं स्वचालित प्रणालियों की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया।
उन्हें बताया गया कि Building Management System किस प्रकार ऊर्जा प्रबंधन, तापमान नियंत्रण, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य तकनीकी प्रणालियों की निगरानी और नियंत्रण में सहायता करता है। गतिविधि आधारित इस कार्यशाला से विद्यार्थियों को ऑटोमेशन एवं स्मार्ट बिल्डिंग सिस्टम की अवधारणाओं को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला।
दो पालियों में करीब 500 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
कार्यशालाओं में विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी रही। प्रथम पाली में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामनगर, महोबा की 50 छात्राएं, राजकीय इंटर कॉलेज महोबा के 50 छात्र, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महोबा की करीब 70 छात्राएं तथा सेवा आश्रम अनाथालय के 15 बच्चों ने प्रतिभाग किया। इस प्रकार प्रथम पाली में करीब 185 यानी लगभग 200 विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया।
द्वितीय पाली में जयप्रकाश नारायण सर्वोदय इंटर कॉलेज, चरखारी के करीब 200 छात्र तथा जनपद के चार अलग-अलग विकासखंडों के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 25-25 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस प्रकार द्वितीय पाली में करीब 300 विद्यार्थियों ने कार्यशालाओं का लाभ लिया।
दोनों पालियों को मिलाकर करीब 500 छात्र-छात्राओं ने अंतरिक्ष विज्ञान एवं तकनीक आधारित गतिविधियों में भागीदारी की।

AIASC में सक्रिय 36 छात्र-छात्राएं सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान All India Asteroid Search Campaign (AIASC) में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने वाले कुल 36 छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी श्रीमती गजल भारद्वाज द्वारा प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामनगर, महोबा की 12 छात्राएं, राजकीय हाई स्कूल पिपरामाफी के 10 छात्र-छात्राएं, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चरखारी की 8 छात्राएं, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पनवाड़ी की 2 छात्राएं तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, चिचारा, महोबा के 2 छात्र शामिल रहे।
वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने पर जिलाधिकारी ने दिया जोर
इस अवसर पर जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विज्ञान, अंतरिक्ष एवं तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा की गई वैज्ञानिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, रचनात्मकता, प्रयोगशीलता एवं नवाचार की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रेमचंद यादव, उप जिलाधिकारी शिवध्यान पांडे, देवेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज महोबा, आशी सिंह प्रधानाचार्य राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामनगर, मयंक त्रिपाठी, प्रधानाचार्य राजकीय हाई स्कूल पिपरामाफी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में Rocket Science, Paper & Gas Rocket Launching, Hydro Rocket Launching, Virtual Reality Space Visit, Safe Solar Observation एवं BMS Activity Workshop जैसी गतिविधियों ने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीक को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रयोग और प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से समझने का अवसर दिया।
कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तकनीकी दक्षता, नवाचार एवं अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।


