HomeNEWSटूटी ‘खूनी सड़कों’ के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल

टूटी ‘खूनी सड़कों’ के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल

बारिश में भी थाली बजाकर प्रदर्शन, पानी भरे गड्ढे में बैठकर ‘आओ तुम्हें चांद पे ले जाएं’ गीत से किया कटाक्ष

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। शहर की टूटी, जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों के विरोध में कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में माल रोड स्थित नरोन्हा चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन स्थल पर डटे रहे और थाली बजाकर भाजपा सरकार एवं नगर निगम की कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पानी से भरे गड्ढे में बैठकर ‘आओ तुम्हें चांद पे ले जाएं’ गीत गाकर शहर की बदहाल सड़कों पर व्यंग्य किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कानपुर की सड़कें विकास का रास्ता बनने के बजाय गड्ढों का जाल बन चुकी हैं और आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं के कारण ये सड़कें आम जनता के लिए ‘खूनी सड़कें’ साबित हो रही हैं।

कांग्रेसजनों ने कहा कि स्कूली बच्चे, व्यापारी, मजदूर, महिलाएं और बुजुर्ग रोजाना इन जानलेवा गड्ढों से होकर गुजरने को मजबूर हैं। इसके बावजूद भाजपा सरकार, भाजपा सांसद, महापौर और पार्षद जनता की इस गंभीर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

बारिश में भी डटे रहे कांग्रेस कार्यकर्ता

कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि बारिश के बीच भी कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों की बदहाली के खिलाफ आवाज उठाने के लिए मैदान में डटे हैं। उन्होंने कहा कि अब शहर के गड्ढों और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा को जवाब देना होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद शहर की सड़कें बार-बार टूट रही हैं। इससे नगर निगम की ठेकेदारी व्यवस्था, सड़क निर्माण की गुणवत्ता और सरकारी धन के इस्तेमाल पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। कांग्रेस ने सड़क निर्माण से जुड़े ठेकों, गुणवत्ता और खर्च की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में लगातार टेंडर से जुड़े अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं और पार्षद तथा महापौर एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। पार्टी ने कहा कि जनता को इन विवादों से नहीं, बल्कि बेहतर और सुरक्षित सड़कों से मतलब है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त कर यातायात के लिए सुरक्षित नहीं बनाया गया तो पार्टी की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments