सपा मुख्यालय में दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को दी श्रद्धांजलि, भारत सरकार से नेपाल की और मदद करने की अपील
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नेपाल में बाढ़ से हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्राकृतिक त्रासदी दोबारा कहीं न आए। उन्होंने मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी और भारत सरकार से मित्र देश नेपाल की और अधिक मदद करने की अपील की।
अखिलेश यादव ने कहा कि नेपाल में बाढ़ से हुई जनहानि की अभी सही संख्या स्पष्ट नहीं है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के महराजगंज समेत अन्य जिलों में भी मृतकों के शव पहुंचने की जानकारी सामने आ रही है, जिससे त्रासदी की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारत को अपने पड़ोसी और मित्र देश नेपाल के साथ खड़ा होना चाहिए तथा राहत एवं बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग प्रदान करना चाहिए।
इससे पहले समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक के दौरान अखिलेश यादव सहित उपस्थित सभी नेताओं एवं पदाधिकारियों ने नेपाल में बाढ़ की विभीषिका में जान गंवाने वाले लोगों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।


