बारिश में फिसलन भरी सड़कों पर धीमी गति से चलाएं वाहन, स्कूली बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा का रखें विशेष ध्यान
- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। बारिश के मौसम में सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर ने वाहन चालकों और आमजन से बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से कहा कि बारिश के दौरान वाहन धीमी गति से चलाएं और सड़क की स्थिति को देखते हुए सुरक्षित दूरी बनाए रखें। अचानक ब्रेक लगाने और तेज गति से वाहन चलाने से बचें, क्योंकि गीली सड़क पर वाहन के फिसलने की संभावना अधिक रहती है।
पुलिस ने पैदल राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। खासकर स्कूल की छुट्टी के समय वाहन चालकों को अधिक सावधानी से वाहन चलाने और सड़क पार करते बच्चों व राहगीरों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय थोड़ी सी सावधानी किसी बड़ी दुर्घटना को रोक सकती है। बारिश के दौरान सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरे राहगीरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
पुलिस की अपील है कि बारिश के मौसम में जल्दबाजी न करें, सड़क की परिस्थितियों के अनुसार वाहन की गति नियंत्रित रखें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर का संदेश है—
“आपकी थोड़ी सी सावधानी, किसी की बड़ी सुरक्षा बन सकती है। खुद सुरक्षित रहें, दूसरों को भी सुरक्षित रखें।”


