पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग; 26 अगस्त की हत्या के बाद से तलाश जारी
समय टुडे डेस्क।
शामली। हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध शार्पशूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, मारे गए दोनों आरोपियों की पहचान मोहित और सुमित के रूप में हुई है और दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार तड़के झिंझाना थाना क्षेत्र में पुलिस टीम की संदिग्ध आरोपियों से मुठभेड़ हुई। आरोप है कि संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता बोले- ‘आधा न्याय मिला’
पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद अंकित बालियान के पिता सतबीर सिंह ने कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने पुलिस को धन्यवाद देते हुए कहा कि परिवार को अभी केवल आधा न्याय मिला है।
सतबीर सिंह के अनुसार, अंकित की हत्या में चार लोग शामिल थे, जिनमें से दो अभी फरार हैं। उन्होंने शेष आरोपियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई और उन्हें जल्द गिरफ्तार किए जाने की मांग की। उनका कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होने के बाद ही परिवार को पूर्ण न्याय का एहसास होगा।
अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें सक्रिय
पुलिस 26 अगस्त को हुई अंकित बालियान की हत्या के मामले में अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही मामले से जुड़े साक्ष्यों और आरोपियों के नेटवर्क की जांच कर रही हैं।
राकेश टिकैत ने भी परिवार से की मुलाकात
इस मामले में राजनीतिक और सामाजिक नेताओं ने भी अंकित के परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने रविवार को शामली जिले के बंटी खेड़ा गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की थी।
बताया गया कि टिकैत ने मामले में कार्रवाई के लिए 2 सितंबर की समयसीमा का उल्लेख किया और कहा कि इसके बाद भारतीय किसान यूनियन आगे की कार्रवाई पर विचार करेगी।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में फरार चल रहे अन्य संदिग्धों पर शिकंजा कसने की कोशिश जारी है। परिवार की ओर से भी शेष आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है।


