झांसी में सपा महिला पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं और शॉल ओढ़ाकर किया सम्मान, नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिवों ने संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
- पूजा परिहार
झांसी। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय, झांसी में महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए जाने पर रेखा यादव, झांसी एवं मधु यादव, प्रतापगढ़ का पार्टी की महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और शॉल ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम में महिला सभा की जिलाध्यक्ष मनीषा कंसोरिया, नगर अध्यक्ष सीमा श्रीवास्तव, विधानसभा अध्यक्ष जूही खान और रिंकी रैकवार सहित पार्टी की महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं। इस दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रेखा यादव एवं मधु यादव को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

स्वागत से अभिभूत नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव रेखा यादव एवं मधु यादव ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।
संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की संगठन में सक्रिय भागीदारी से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी की विचारधारा और नेतृत्व के समर्थन में नारे लगाए।


