HomeNEWSभाजपा के बूथ सत्यापन अभियान पर अनिल दीक्षित का सख्त संदेश, बोले-...

भाजपा के बूथ सत्यापन अभियान पर अनिल दीक्षित का सख्त संदेश, बोले- दायित्व मिला है तो निभाना भी पड़ेगा

मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ सत्यापन को लेकर जिला कार्यालय में हुआ मंथन, 2 से 4 सितंबर तक चलेगा अभियान

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ सत्यापन अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को नवीन मार्केट स्थित जिला भाजपा कार्यालय में अभियान की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सत्यापन प्रक्रिया, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों और समयबद्ध कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

अभियान के तहत पूर्व महापौर रविन्द्र पाटनी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील बजाज, दीपू पांडे, विधायक नीलिमा कटियार सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों को अलग-अलग मंडलों के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अवधेश सोनकर को अभियान का संयोजक बनाया गया है। सत्यापन अभियान 2 से 4 सितंबर तक चलाया जाएगा।

बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता सबसे अहम

बैठक को विधायक नीलिमा कटियार और पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील बजाज ने संबोधित किया। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और संगठनात्मक मजबूती को सबसे महत्वपूर्ण बताया। पदाधिकारियों से सत्यापन प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा करने का आह्वान किया गया।

नेम प्लेट नहीं, जिम्मेदारी निभानी होगी

जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने बैठक में जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दायित्व केवल नेम प्लेट लगाने के लिए नहीं मिला है, बल्कि उसे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाना भी पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि बूथ सत्यापन अभियान महज कागजी खानापूर्ति नहीं है। इसका उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन की वास्तविक स्थिति को समझना, कमियों की पहचान करना और उन्हें दूर करना है। प्रत्येक जिम्मेदार पदाधिकारी को जमीन पर उतरकर अपनी भूमिका का निर्वहन करना होगा।

उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान बूथों की वास्तविक स्थिति, संगठनात्मक सक्रियता और कार्यकर्ताओं की सहभागिता का गंभीरता से आकलन किया जाए, ताकि जहां भी कमियां हैं, उन्हें समय रहते दूर किया जा सके।

वरिष्ठ पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

भाजपा ने इस अभियान के माध्यम से मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, मजबूती और जवाबदेही को परखने की तैयारी की है। वरिष्ठ पदाधिकारियों को मंडलों के सत्यापन की जिम्मेदारी देकर अभियान को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया है।

बैठक में जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित, प्रमोद विश्वकर्मा, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जन्मेजय सिंह, आकाश शुक्ला, शिवांग मिश्रा, सीमा एमबीए, सुरेंद्र गुप्ता, पारस मदान, रीता पासवान, मोनेन्द्र राजपूत, विनोद पाल, शालिनी कटियार, प्रशांत त्रिपाठी, शैल शुक्ला, रामजी गुप्ता, चंद्रमणि चौबे, योगेश पांडे, राजेश तिवारी, शुभम दीक्षित, अजय राय, रमाशंकर अग्रहरि, अनंत मिश्रा, भानु प्रताप सिंह, दीपक शुक्ला, सियाराम, रामपाल, विवेक पांडे, प्रभाकर अवस्थी, सुरेश गुप्ता, राजेश चौहान, जिशान अहमद, स्पर्श कटियार, आशीष तिवारी सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments